Last Updated: Monday, November 19, 2012, 14:20
लंदन: शान शौकत और भव्य तरीके से शादी करना पुरूषों को बहुत ज्यादा रास आता है। एक सर्वेक्षण में पाया गया है कि खर्चीला विवाह पसंद करने वाले आधुनिक पुरूषों की संख्या महिलाओं की तुलना में दोगुनी है।
महिलाएं जहां व्यवहारिक सोच रखती हैं और धन को विपरीत परिस्थितियों के लिए बचा कर रखना चाहती हैं, वहीं पुरूष भव्य और खर्चीली शादी चाहते हैं।
बार्कलेज के सर्वे में कहा गया है कि खर्चीला विवाह पसंद करने वाली महिलाओं की संख्या जहां नौ फीसदी थी वहीं 16 फीसदी पुरूषों ने ऐसे विवाह के पक्ष में राय जताई।
सर्वे में कहा गया है कि महिलाएं भविष्य के लिए बजट को लेकर व्यवहारिक सोच रखती हैं और चाहती हैं कि शैम्पेन पार्टी तथा अन्य दिखावे पर खर्च करने के बजाय धन को बुरे वक्त के लिए बचा कर रखा जाए। लेकिन पुरूषों की सोच इससे विपरीत पाई गई।
ब्रिटेन में एक औसत विवाह में करीब 20,000 पाउंड का खर्च आता है लेकिन कई लोगों को लगता है कि यह रकम जरूरी कार्य में खर्च होना चाहिए। सर्वे के लिए 2,100 से अधिक वयस्कों से बातचीत की गई। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 19, 2012, 14:20