Last Updated: Tuesday, January 17, 2012, 06:23
लंदन : मक्के के पौधों में ब्रिटिश वैज्ञानिकों ने एक ऐसे नए जीन की खोज की है जो पौधे से बीज में पोषक तत्वों के स्थानांतरण को नियमित करता है। वैज्ञानिकों का दावा है कि यह जीन न केवल फसल उत्पादन में वृद्धि कर सकता है बल्कि खाद्य सुरक्षा में भी मददगार हो सकता है।
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और वारविक विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने उद्योग क्षेत्र की मदद से इस जीन की खोज की और इसका नाम उन्होंने मेज 1 रखा है। अपने निष्कर्ष में उन्होंने कहा है कि इस जीन की मदद से वैश्विक खाद्य उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है। ये निष्कर्ष ‘करंट बायोलॉजी’ के इस सप्ताह के अंक में प्रकाशित हुए हैं।
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि जहां ज्यादातर जीनों में माता और पिता दोनों के क्रोमोसोम पाए जाते हैं, वहीं मेज-1 में केवल माता संबंधी क्रोमोसोम होते हैं।
केवल एक अभिभावक को दर्शाने वाले जीन का यह असामान्य प्रकार मानव के कुछ जीनों में भी होता है जो गर्भावस्था में भ्रूण के विकास के दौरान मां से मिलने वाले पोषक तत्वों के नियंत्रण के लिए प्लेसेन्टा (गर्भ नाल) के विकास को नियमित करता है।
अनुसंधानकर्ताओं का कहना है कि पौधे भी बीज के विकास के दौरान पोषक तत्वों को नियमित करने के लिए इसी तरह की प्रणाली अपनाते हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 17, 2012, 11:53