महिलाओं में तेजी से बढ़ रही धूम्रपान की आदत

महिलाओं में तेजी से बढ़ रही धूम्रपान की आदत

पेरिस : विकासशील देशों में तम्बाकू के इस्तेमाल में इजाफा हो रहा है और सबसे अधिक चिंता इस बात की है कि महिलाओं में धूम्रपान की प्रवृत्ति बढ़ रही है। लान्सेट में आज प्रकाशित एक अध्ययन में बताया गया कि कुल मिलाकर तीन अरब आबादी वाले 16 देशों में किये गए सर्वेक्षण में बताया गया कि पुरुषों में 48.6 और महिलाओं में 11.3 प्रतिशत तम्बाकू का सेवन करते हैं, खासकर गरीब देशों में जहां अधिक लड़कियां कम उम्र में और कभी-कभार बालकों वाली उम्र में यह लत पाल लेते हैं।

बांग्लादेश, ब्राजील, चीन, मिस्र, भारत, मैक्सिको, फिलीपीन, थाईलैन्ड, तुर्की, उक्रेन, उरूग्वे और वियतनाम के अलावा ब्रिटेन, पोलैन्ड, रूस और अमेरिका में 2008 से 2010 तक 15 साल से अधिक उम्र के लोगों पर यह अध्ययन किया गया। सर्वे में धूम्रपान के अलावा चबाने वाले तम्बाकू के सेवन के बारे में पता लगाया गया। इसमें सबसे शीर्ष पर रूस है जहां 15 साल से अधिक उम्र के लोगों में 39.1 प्रतिशत तंबाकू का सेवन करते हैं। इसके बाद तुर्की (31.2), पोलैंड (30.3), फिलीपीन (28.2) और चीन (28.1) का स्थान है। ब्रिटेन में यह प्रतिशत 21.7 और अमेरिका में 19.9 पाया गया।

न्यूयॉर्क की बफेलो यूनिवर्सिटी के गेरी गिओविनो के नेतृत्व में किए गए अध्ययन में कहा गया है कि तंबाकू को हतोत्साहित करने अथवा उसे प्रतिबंधित करने के प्रयास बहुत कम हैं और कई देशों में इसपर कोई नियंत्रण नहीं है। इस समय तम्बाकू से होने वाली मौत का आंकड़ा सबसे अधिक धनी देशों में है, जहां तम्बाकू से 18 प्रतिशत लोगों की जान जाती है। मध्य आय वाले देशों में यह 11 प्रतिशत तथा कम आय वाले देशों में चार प्रतिशत है।

धूम्रपान की दर गरीब देशों में तेजी से बढ़ रही है और धनी देशों में कम हो रही है। इससे अब स्थिति में बदलाव आने की उम्मीद है। अध्ययन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के हवाले से कहा कि मौजूदा रूझान दर्शाता है कि इस सदी में तम्बाकू सेवन से करीब एक अरब लोग अकाल मृत्यु का शिकार होंगे। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 17, 2012, 13:00

comments powered by Disqus