मानव जीनोम के प्राचीनतम अंश का पता चला

मानव जीनोम के प्राचीनतम अंश का पता चला

मानव जीनोम के प्राचीनतम अंश का पता चला वाशिंगटन : वैज्ञानिकों ने स्पेन में मिली 7,000 वर्ष पुरानी दो गुफामानवों की हड्डियों से आधुनिक मानव के जीनोम के प्राचीनतम अंश निकालने का दावा किया है।

अनुसंधानकर्ताओं ने कहा कि उस भाग में रहने वाले गुफामानव आज के लोगों के पूर्वज नहीं थे।

स्पेनिश नेशनल रिसर्च काउंसिल में अनुसंधानकर्ता कार्लेस लैलुएजा फॉक्स ने लाइव साइंस से कहा, प्रागैतिहासिक काल के आधुनिक मानव के यह सबसे पुराने आंशिक जीनोम हैं।

समझा जाता है कि कैंटाबेरियन पहाड़ियों में वर्ष 2006 में खुदाई के दौरान मिले दो कंकाल दो युवा पुरुषों के हैं। यहां सर्दी बहुत तेज होती है जिसकी वजह से हड्डियों में डीएनए के संरक्षण में मदद मिल गई।

अनुसंधानकर्ताओं ने बताया कि ये हड्डियां तबकी हैं जब नवपाषाण युग के लोगों और उनके साथ कृषि का पश्चिम एशिया से आईबेरियाई प्रायद्वीप तक विस्तार नहीं हुआ था।

दल ने दोनों गुफामानवों की हड्डियों से 1.34 फीसदी और 0.5 फीसदी मानव जीनोम पाया। समझा जाता है कि दोनों गुफामानव शिकारी थे।

विश्लेषकों ने कहा कि आइबेरियाई प्राय:द्वीप में वर्तमान में रह रहे लोगों में स्पेन, पुर्तगाल और एंडोरा निवासी शामिल हैं और इन लोगों की जीन संरचना गुफामानवों के कंकाल की जीन संरचना से नहीं बल्कि उत्तरी यूरोप में वर्तमान में रह रहे लोगों से मिलती है।

वैज्ञानिकों ने इनमें से एक गुफामानव का पूरा माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए भी पाया है जिससे पता चलता है कि मध्य पाषाणकाल के दौरान यूरोपीय लोगों की अनुवांशिक संरचना बहुत मिलती-जुलती थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 29, 2012, 16:14

comments powered by Disqus