Last Updated: Friday, April 20, 2012, 09:25
वाशिंगटन : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने गुरुवार को अंतरिक्ष यान डिस्कवरी को स्मिथसोनियन के नेशनल एयर एंड स्पेस म्यूजियम में पहुंचा दिया। इसे स्थायी प्रदर्शन के लिए संग्रहालय में रखा गया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक यान को संग्रहालय में पहुंचाए जाने के दौरान दो दर्जन से भी ज्यादा अंतरिक्ष यात्री मौजूद थे। इन अंतरिक्ष यात्रियों ने डिस्कवरी के 39 मिशनों और उसके अंतरिक्ष में 365 दिन से भी लम्बे समय तक रहने के दौरान उसमें उड़ान भरी थी। इसके साथ ही डिस्कवरी की परिक्रमा समाप्त होने व उसके संग्रहालय के राष्ट्रीय अंतरिक्ष संग्रह में शामिल होने के अवसर पर चार दिवसीय समारोह की शुरुआत हुई।
संग्रहालय के निदेशक जॉन डायली ने कहा, डिस्कवरी ने खुद को अमेरिका के अंतरिक्ष यान बेड़े में चैम्पियन प्रतिष्ठित किया है। अपने नए घर में यह एक अमेरिकी आइकन के रूप में होगा, जो आने वाली पीढ़ियों को शिक्षित व प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा, संग्रहालय युवाओं को शिक्षित व प्रेरित करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे शैक्षिक सफलताओं की सीढ़ियां चढ़ते हुए अपना व्यवसाय चुनें जिससे अमेरिका को कल की दुनिया में प्रतियोगी व सफल बनने में मदद मिले।
डिस्कवरी को बोइंग 747 जम्बो जेट के जरिए फ्लोरिडा स्थित केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से वाशिंगटन लाया गया।
डिस्कवरी का पहला प्रक्षेपण 1984 में हुआ था और तब से उसने 39 मिशनों में हिस्सा लिया, जो किसी भी अन्य अंतरिक्ष यान द्वारा पूरे किए गए मिशनों से अधिक हैं। डिस्कवरी के कुछ प्रमुख मिशनों में से एक उसके द्वारा 1990 में हबल स्पेस टेलिस्कोप को अंतरिक्ष में पहुंचाना शामिल है। यह अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ने वाला पहला अंतरिक्ष यान था।
डिस्कवरी को पिछले साल उसके सहयोगी यानों अटलांटिस व एंडिएवर के साथ अंतरिक्ष यानों के बेड़े से विदाई दे दी गई थी। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 20, 2012, 15:12