अन्नी देवानी हत्या: हत्यारे को उम्रकैद की सजा

अन्नी देवानी हत्या: हत्यारे को उम्रकैद की सजा

केप टाउन : हनीमून मनाने गई अन्नी देवानी की कथित रूप से पति के कहने पर 2010 में हत्या करने वाले दक्षिण अफ्रीकी को आज उम्रकैद की सजा सुनाई गई। जोलिले एमेंगेनी को गोली चलाने का दोषी पाया गया जिससे 28 वर्षीया एनी की मौत हो गई। हत्या से महज एक पखवाड़ा पहले एनी की शादी हुई थी।

एमेंगेनी को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए जज राबर्ट हेनी ने कहा कि वह बेरहम व्यक्ति था जिसने योजना बना कर हत्या की और वह अधिकतम सजा का हकदार है। एमेंगेनी के साथ मिल कर साजिश रचने वालों ने कहा कि 32 वर्षीय श्रीन देवानी ने उन्हें अपनी पत्नी एनी की हत्या करने का आदेश दिया था और उसमें उन्होंने मदद की थी। श्रीन ने इनकार किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची थी।

ऐसा लगा कि जब सजा सुनाई गई तो एमेंगेनी स्तब्ध हो गया। उसकी आंखें फटी रह गईं और मुंह खुला का खुला रह गया। सजा सुनाए जाने के वक्त एनी के पिता विनोद हिंदोचा रो पड़े। इस मुकदमे की कार्यवाही अंतरराष्ट्रीय अखबारों की सुखिर्यां बनी।

न्यायाधीश ने कहा कि एमेंगेनी एक दुर्लभ मस्तिष्क कैंसर से पीड़ित है और उसने एनी की हत्या पर कोई पश्चाताप नहीं किया। इस फैसले के बाद ध्यान ब्रिटेन में केन्द्रित होगा जहां श्रीन दक्षिण अफ्रीका प्रत्यर्पण के खिलाफ संघर्ष कर रहा है। प्रत्यर्पण के संबंध में अगले साल सुनवाई होगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 5, 2012, 23:16

comments powered by Disqus