Last Updated: Monday, December 17, 2012, 11:25

वाशिंगटन: अमेरिका के कनेक्टिकट राज्य के एक प्राथमिक स्कूल में गोलीबारी कर 26 लोगों की हत्या करने वाले एडम लैंजा को जब पता चला कि पुलिस उसे पकड़ने के लिए आ रही है तो उसने आत्महत्या कर ली। समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक कनेक्टिकट के गवर्नर डैन मैलॉय ने रविवार को एबीसी के `दिस वीक` कार्यक्रम में यह जानकारी देते हुए बताया कि लैंजा की इससे भी बड़े हत्याकांड की साजिश हो सकती थी।
जांचकर्ताओं ने सैंडी हुक एलिमेंट्री स्कूल में हुए इस हत्याकांड के पीछे की सम्भावित मंशा का तो खुलासा नहीं किया है लेकिन 20 वर्षीय लैंजा का और भी लोगों को मारने का इरादा हो सकता था।
मैलॉय ने कहा, "हमें आशंका है कि वह दूसरी कक्षा को निशाना बनाने जा रहा था लेकिन जैसे ही उसने पुलिस के पहुंचने के विषय में सुना तो उसने खुद की जान लेने का फैसला किया।"
गवर्नर ने बताया कि पुलिस को ऐसे कोई पत्र या डायरी नहीं मिले हैं, जो लैंजा द्वारा किए गए हत्याकांड पर रोशनी डाल सकें।
मैलॉय ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे देश को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति एक बहुत अलग दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है और हमें इस विषय में वैसे ही अधिक ईमानदारी से बोलने की जरूरत है, जैसे हम अन्य चीजों के लिए बोलते हैं।
लैंजा ने हमले एक .223-कैलिबर राइफल व दो हैंडगन्स का इस्तेमाल किया था। कनेक्टिकट के राज्य चिकित्सा अधिकारी वेनी कैवर ने शनिवार को बताया कि हमलावर ने 20 बच्चों सहित 26 लोगों पर कम से कम तीन बार गोली चलाई थी।
लैंजा के पास जो हथियार थे, वे उसकी मां नैंसी के थे। हमले में नैंसी की भी हत्या कर दी गई थी। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 17, 2012, 11:25