Last Updated: Friday, December 9, 2011, 06:10
वाशिंगटन : अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के स्वास्थ्य में जल्द सुधार की कामना की है। राष्ट्रपति जरदारी इलाज के लिए दुबई गए हुए हैं।
पेंटागन के प्रेस सचिव जॉर्ज लिटिल ने कल एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अगर वह बीमार हैं तो हम निश्चित तौर पर उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।’’ राष्ट्रपति जरदारी के स्वास्थ्य के बारे में पूछने पर लिटिल ने कहा कि वह जरदारी के स्वास्थ्य से संबंधित कोई जानकारी नहीं दे सकते, यह काम पाकिस्तान सरकार का है। छह दिसंबर को 56 वर्षीय जरदारी को हृदय संबंधी समस्याओं के बाद दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद ऐसी अटकलें लगाई जाने लगीं कि ‘मेमोगेट’ स्कैंडल में सैन्य दबाव के चलते जरदारी सत्ता से अलग हो सकते हैं।
अमेरिकी पत्रिका ‘फॉरेन पॉलिसी’ ने अपने ब्लाग ‘द केबल’ पर लिखा कि अमेरिकी प्रशासन में इस बात की आशंकाएं बढ़ रही हैं कि जरदारी सत्ता से बाहर हो सकते हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 9, 2011, 11:40