Last Updated: Friday, August 16, 2013, 10:39
वाशिंगटन : मिस्र में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। स्वास्थ विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक अब तक 638 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि मुस्लिम ब्रदहरहुड का दावा है कि कम से कम 2000 लोग मारे गए हैं। मिस्र के मौजूदा हालात पर संयुक्त राष्ट्र ने आपात बैठक बुलाई है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मिस्र के साथ सैन्य अभ्यास रद्द कर दिया है। यही नहीं, अमेरिका ने अपने नागरिकों को मिस्र न जाने के लिए भी आगाह किया है और जो लोग मिस्र में रह रहे हैं, उन्हें बाहर निकलने को कहा है।
ब्राइट स्टार सैन्य अभ्यास दशकों से दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों का केंद्र बिंदु रहा है। ओबामा ने मेसाचुसेट्स के मार्टा विन्यार्ड द्वीप पर अपनी सप्ताह भर की छुटिटयों के बीच मिस्र के संकट पर दिये अपने संबोधन में कहा कि हम मिस्र के साथ अपने संबंध बरकरार रखना चाहते हैं, लेकिन हमारा पारंपरिक सहयोग सामान्य तरह से जारी नहीं रख सकता।
ओबामा ने यद्यपि मिस्र को अमेरिका की ओर से प्रतिवर्ष मिलने वाले 1.3 अरब डॉलर की सैन्य मदद पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने संकट पर अपने पहले सार्वजनिक बयान में कहा कि मिस्र में बढ़ती हिंसा के चलते अमेरिका अगले महीने उसके साथ तय संयुक्त सैन्य अभ्यास भी रद्द कर देगा। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 16, 2013, 10:39