Last Updated: Friday, August 24, 2012, 10:09
वाशिंगटन : अमेरिका के न्यूजर्सी में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग सिख की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर पिटाई कर दी और बाद में पुलिस ने उन्हें ‘कृपाण’ रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
सिख संगठन ‘यूनाइटेड सिख’ ने कहा कि यह घटना विस्कोंसिन में ओक क्रीक गुरुद्वारे में हुई गोलीबारी की घटना से लगभग 10 दिन पहले 26 जुलाई को हुई थी। इस घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए संगठन ने बताया कि एक गैस स्टेशन के मालिक और न्यूजर्सी में ग्लेन रॉक गुरुद्वारे की स्थापना करने वाले सदस्यों में से एक अवतार सिंह अपने पड़ोसी एडवर्ड कोसकोवस्की की दुकान पर गए और कहा कि वह उनके गैस स्टेशन के प्रवेश द्वार के सामने खड़े अपने ट्रक को हटा ले। संगठन ने कहा कि इस पर दोनों में विवाद हो गया और अवतार सिंह की बेरहमी से पिटाई कर दी गई।
अवतार ने बताया कि एडवर्ड ने उनकी पिटाई की। उनका दांत तोड़ दिया और पेट में घूंसे मारे। उसने उनकी कृपाण छीन ली और इसे अपने सहायक के पास फेंक दिया। यूनाइटेड सिख ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने 72 वर्षीय अवतार सिंह को कृपाण रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 24, 2012, 10:09