अमेरिका में भारतीयों का तादाद बढ़ी - Zee News हिंदी

अमेरिका में भारतीयों का तादाद बढ़ी


वाशिंगटन : अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की आबादी वहां की कुल 30.87 करोड़ आबादी के एक प्रतिशत के करीब पहुंच गई है। भारतवंशियों की आबादी में पिछले एक दशक के दौरान 69.37 प्रतिशत वृद्धि हुई है। कैलीफोर्निया स्थित 'इंडिया-वेस्ट' समाचार पत्र द्वारा प्रस्तुत अमेरिकी जनगणना-2010 के आंकड़े के अनुसार, अमेरिका के 25 राज्यों में मौजूद एशियाई उपसमूहों में भारतीयों का समूह सबसे बड़ा है, मुख्यरूप से दक्षिण और मध्य पश्चिम में। ये राज्य ही एशियाई मूल के अमेरिकियों की आबादी वृद्धि में भारतवंशियों को अगुआ बना रहे हैं।

 

न्यूयार्क-नार्दर्न न्यूजर्सी-लांग आइसलैंड महानगरीय इलाके में 2010 में भारतीय मूल के अमेरिकियों की संख्या 526,133 थी। यह संख्या पूरे देश में मौजूद भारतवंशियों की 2,843,391 संख्या का लगभग 18.5 प्रतिशत है। जबकि 2000 में भारतवंशियों की कुल संख्या 1,678,765 थी। यानी 10 वर्षो के दौरान भारतवंशियों की आबादी में चमत्कारिक वृद्धि हुई है।

 

कैलिफोर्निया में जहां सर्वाधिक भारतीय मूल के निवासी (528,176) हैं, वहीं न्यूयार्क 313,620 भारतवंशियों के साथ इस मामले में दूसरे स्थान पर है। न्यूजर्सी में राज्य की कुल आबादी में भारतीयों का अनुपात अधिक है। न्यूजर्सी में फिलहाल 292,256 एशियाई भारतीय हैं, जो कि राज्य की कुल आबादी के 3.3 प्रतिशत हैं। जनगणना ब्यूरो, भारतीय मूल के अमेरिकियों को एशियाई भारतीय करार देता है। न्यूजर्सी में 2000 में भारतीय मूल के अमेरिकियों की संख्या मात्र 169,180 थी, इस लिहाज से उनकी आबादी में पूरे 73 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

 

इन शीर्ष तीन राज्यों के अलावा जिन राज्यों में 2010 में भारतीय मूल के लोगों की संख्या अधिक रही है, वे हैं- टेक्सास (245,981), इलेनॉइस (188,328), फ्लोरिडा (128,735), वर्जीनिया (103,916), पेंसिल्वेनिया (103,026), जार्जिया (96,116), मैरीलैंड (79,051), मेसाचुसेट्स (77,177), मिशिगन (77,132), ओहियो (64,187), वाशिंगटन (61,124) और नार्थ कैरोलिना (57,400)। अमेरिका में 10 सबसे बड़े महानगरीय इलाकों में से छह में मौजूद एशियाई समूहों में भारतीय मूल के अमेरिकियों का समूह सबसे बड़ा है। आबादी के आकार के आधार पर उन्हें दी गई राष्ट्रीय रैंकिंग के लिहाज से वे इस प्रकार हैं: शिकागो (3), डलास (4), फिलाडेल्फिया (5), वाशिंगटन डीसी (7) मियामी (8) और अटलांटा (9)।

(एजेंसी)

First Published: Monday, April 2, 2012, 20:49

comments powered by Disqus