अमेरिकी स्कूलों में गोलीबारी की प्रमुख घटनाएं

अमेरिकी स्कूलों में गोलीबारी की प्रमुख घटनाएं

ज़ी न्यूज़ ब्यूरो
वाशिंगटन : अमेरिकी स्कूलों में लगातार बढ़ रही गोलीबारी की घटनाओं ने आम लोगों के साथ साथ राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी हिलाकर रख दिया है। दरअसल, अमेरिका में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं और इसके पीछे सबसे बड़ी वजह है अमेरिका में खुली बंदूक संस्कृति जिसके चलते अमेरिका के कई राज्यों में हथियार खरीदना तो आसान है ही, उनमें गोली भरकर घूमना भी वैध है। अब कनेक्टिकट की दिल दहला देने वाली घटना के बाद अमेरिका जनता सरकार से बंदूक संस्कृति पर लगाम लगाने की मांग कर रही है। पिछले दो दशक की बात करें तो अमेरिकी स्कूलों में अंधाधुंध गोलीबारी के कई मामले सामने आए हैं।

27 फरवरी 2012 : कार्डन हाई स्कूल ओहायो के एक छात्र ने अचानक गोली चला दी जिसमें तीन छात्रों की मौत हो गई और दो घायल हो गए।

2 अक्टूबर 2006 : वेस्ट निकेल माइंस स्कूल, पेनसिलवेनिया में 32 साल के एक युवक ने पहले तो 11 लड़कियों को बंधक बना लिया। फिर गोलीबारी कर पांच की जान ले ली और छह को जख्मी कर दिया। बाद में हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली।

8 नवंबर 2005 : कैंपबेल काउंटी हाई स्कूल, जैक्सबोरो, टेनेसी में 15 साल के एक छात्र ने प्रिंसिपल और दो सहायक प्रिंसिपल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं जिसमें एक की मौत हो गई।

21 मार्च 2005 : रेड लेक हाई स्कूल, मिनेसोटा में 16 साल के एक लड़के ने अपने दादा, चार साथी छात्रों और एक टीचर समेत 8 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद को गोलीमार कर खुदकुशी कर ली।

5 मार्च 2001 : सैंटना हाई स्कूल, कैलिफॉर्निया में पढ़ने वाले 15 साल के छात्र ने गोलीबारी कर अपने दो साथियों की जान ले ली और 13 लोगों को जख्मी कर दिया। इससे पहले नब्बे के दशक में भी अमेरिकी स्कूलों में हुई हिंसक घटनाओं ने लोगों का दिल दहला दिया था।

20 अप्रैल 1999 : कोलंबाइन हाई स्कूल कोलोरैडो के दो छात्रों ने खुदकुशी करने से पहले अंधाधुंध फायरिंग कर 12 छात्रों और एक टीचर की जान ले ली।

21 मई 1998 : थर्स्टन हाई स्कूल, ओरेगन में 15 साल के एक छात्र ने पहले अपने मां-बाप को मारा और फिर स्कूल में फायरिंग की जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई।

24 मार्च 1998 : वेस्टसाइड मिडल स्कूल, जोंसबोरो, अरकनसास में पढ़ने वाले 11 और 13 साल के दो छात्रों ने अपने टीचर और साथियों को घेरकर हमला किया जिसमें पांच लोग मारे गए।

1 दिसंबर 1997 : हीथ हाई स्कूल केंटकी में 14 साल के छात्र ने प्रार्थना सभा में अचानक फायरिंग कर तीन लड़कियों की जान ले ली।

2 फरवरी 1996 : फ्रंटियर जूनियर हाई स्कूल, वॉशिंगटन में 14 साल के एक छात्र ने राइफल से फायरिंग कर 2 छात्रों और एक टीचर को मार दिया।

26 फरवरी 1992 : थॉमस जैफर्सन हाई स्कूल न्यूयॉर्क में 15 साल के एक लड़के ने फायरिंग कर 2 छात्रों की जान ले ली।

First Published: Saturday, December 15, 2012, 09:10

comments powered by Disqus