इंडोनेशिया में भूकंप 6 बच्चों सहित 11 की मौत

इंडोनेशिया में भूकंप, 6 बच्चों सहित 11 की मौत

जकार्ता : इंडोनेशिया के आसेह प्रांत में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप में छह बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

आसेह में आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख सुभान सहारा ने बताया, ‘भूकंप में ढह गई एक मस्जिद के मलबे से छह बच्चों के शव मिले हैं। 14 बच्चों के दबे होने की आशंका है। मैं उम्मीद करता हूं कि वे हमें जीवित मिलेंगे।’ इन छह बच्चों की मौत के साथ ही भूकंप में मरने वालों का आधिकारिक आंकड़ा 11 तक पहुंच गया है।

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार 6.1 तीव्रता वाले भूकंप का झटका वैश्विक समयानुसार 7:37 बजे महसूस किया गया। यह बेनेर मेरिया जिले में केंद्रित था।

भूकंप की वजह से इस जिले में कई घर जमींदोज हो गए तथा कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं। यह इलाका प्रांतीय राजधानी बांदा से 320 किलोमीटर दूर है।

राहत एवं बचाव कार्य में सेना और पुलिस के जवानों को लगाया गया है। मीडिया के जरिए सामने आई तस्वीरों से पता चला है कि कई आवास ध्वस्त हो गए तथा सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, July 2, 2013, 23:41

comments powered by Disqus