Last Updated: Friday, September 21, 2012, 14:32

तेहरान : ईरान ने तेहरान में शुक्रवार को आयोजित एक सैन्य परेड में राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद पश्चिम और इजरायल पर जम कर बरसे। उन्होंने कहा कि इस्लाम विरोधी फिल्म वास्तव में मुसलमानों को विभाजित करने के लिए इजरायल द्वारा रचा गया षड्यंत्र है जिसकी वजह से गुटीय हिंसा फैल रही है।
परेड में हजारों सैन्य कर्मी, टैंक, ट्रकों पर रखी मिसाइलें आदि शामिल थे। परेड का आयोजन 1980 से 1988 तक चला ईरान-इराक युद्ध शुरू होने की बरसी पर किया गया।
सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में अहमदीनेजाद ने कहा कि ईरान पश्चिमी शक्तियों के दबाव के खिलाफ आज भी उसी भावना का अनुसरण कर रहा है जो उसने इराक के साथ युद्ध में किया था। यह भावना है ‘उठो और अपने अधिकारों की रक्षा करो।’
ईरान पर उसके विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिका की अगुवाई में पश्चिम ने ईरान पर आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिका के सहयोगी इजरायल ने उसके परमाणु प्रतिष्ठानों पर हवाई हमले करने की धमकी दी है।
अहमदीनेजाद ने अपने संबोधन में, अमेरिका में बनाई गई कथित इस्लाम विरोधी फिल्म का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका सरकार कहती है कि वह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के कारण फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगा सकती। उन्होंने कहा कि फिल्म वास्तव में मुसलमानों को विभाजित करने के लिए इजरायल द्वारा रचा गया षड्यंत्र है जिसकी वजह से गुटीय हिंसा फैल रही है। (एजेंसी)
First Published: Friday, September 21, 2012, 14:32