इटली: डूबे जहाज में तलाशी फिर शुरू - Zee News हिंदी

इटली: डूबे जहाज में तलाशी फिर शुरू

 

रोम : तस्कन तट पर एक क्रूज शिप के चट्टान से टकराने के कारण लापता हुए 21 लोगों की तलाशी के लिए गुरुवार को गोताखोरों ने अभियान फिर शुरू कर दिया जबकि समुद्र के अशांत रहने के पूर्वानुमानों के कारण अभियान को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। साथ ही यह भी योजना बनायी गयी है कि फंसे हुए पोत से इर्ंधन को पंप के जरिए निकाला जाए।

 

उधर, एक नया आडियो टेप सामने आया है जिसमें बंदरगाह अधिकारियों और क्रूज शिप कोस्टा कानकोर्डिया के बीच पहला संपर्क हुआ था। इस संवाद में कप्तान ने कहा था कि जहाज पर पूरी तरह से अंधेरा हो चुका है।

 

इसकी रिकार्डिंग शुक्रवार को रात दस बजकर 12 मिनट पर की गयी थी। इसके करीब आधे घंटे बाद जहाज चट्टान से टकरा गया था और घबराये यात्रियों ने अपनी लाइफ जैकेट तलाशनी शुरू कर दी थी।

 

पैतालिस करोड़ अमेरिकी डॉलर का कोस्टा कानकोर्डिया 4200 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को ले जा रहा था। इसी दौरान यह गिगलियो द्वीप के समीप एक चट्टान से टकरा गया। कप्तान जहाज को पूर्व निर्धारित मार्ग से भिन्न रास्ते से ले गया। जहाज एक तरफ झुक गया।

 

हादसे में 11 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है और उनके शवों को जहाज से निकाल लिया गया है।

 

गुरुवार को तीन और मृतकों की पहचान कर ली गयी है। ग्रोसेतो प्रांतीय कार्यालय ने पुष्टि की है कि फ्रांसीसी यात्री जे गेनार्ड और पी ग्रेगोरी मृतकों में शामिल हैं। स्पेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मालोर्का के 68 वर्षीय जी गाल की भी मौत हो चुकी है।

 

नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि गोताखोर चतुर्थ स्तर पर लोगों को निकालने पर ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं। यह स्तर पानी की सतह से 60 फुट नीचे है। इसी स्तर पर इस हफ्ते के शुरू में पांच शव बरामद किये गये थे।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 19, 2012, 23:20

comments powered by Disqus