इटली: डूबे जहाज से जुड़ा बचाव कार्य रुका - Zee News हिंदी

इटली: डूबे जहाज से जुड़ा बचाव कार्य रुका



रोम : इटली में टस्कनी के निकट एक जहाज के डूबने के बाद से चलाए जा रहे बचाव कार्य को स्थगित कर दिया गया है क्योंकि यह पोत ‘कोस्टा कानकोर्डिया’ समुद्र के उथले क्षेत्र में कुछ सेंटीमीटर तक चला गया है। इस बात की आशंका है कि जहाज से पांच लाख गैलन ईंधन लीक हो सकता है, जो गिगिलियो द्वीप के आसपास के समुद्री क्षेत्र में फैल जाएगा।

 

अग्नि शमन विभाग के प्रवक्ता लूका कारी ने कहा कि यह जहाज कुछ सेंटीमीटर तक समुद्र के उथले क्षेत्र में पहुंच गया है। इस जहाज पर सवार 16 लोगों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। जहाज पर कुल 4,200 लोग सवार थे।

 

उधर, इटली के टस्कन तट पर एक चट्टान से टकराकर डूबने वाले एक आलीशान पोत पर सवार चालक दल के 201 भारतीय सदस्यों को बचा लिया गया जबकि एक अन्य भारतीय लापता है। अधिकारियों ने आज यहां कहा कि लापता भारतीय को खोजने के प्रयास जारी हैं और भारत सरकार ने इस घटना के संबंध में जानकारी हासिल करने के लिए यहां और नई दिल्ली दोनों जगह नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।

 

भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने यहां कहा कि दुर्घटना के शिकार पोत ‘कोस्टा कानकोर्डिया’ पर वेटर का काम करने वाले भारतीय रोबेलो रसेल टेरेंस का अब तक पता नहीं चला है और उसके बारे में अन्य जानकारियों का सत्यापन करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

अधिकारियों ने कहा कि अब तक किसी भारतीय के मारे जाने की खबर नहीं है। शनिवार को हुए हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। पोत गिग्लियो के टस्कन द्वीप के पास एक चट्टान से टकराने के बाद डूब गया था।

(एजेंसी)

First Published: Monday, January 16, 2012, 20:24

comments powered by Disqus