इस बार का अमेरिकी चुनाव होगा सबसे महंगा

इस बार का अमेरिकी चुनाव होगा सबसे महंगा

वॉशिंगटन: अमेरिका में इस साल होने जा रहे आम चुनाव देश के इतिहास में सबसे महंगे चुनाव होंगे जिनमें कुल छह अरब अमेरिकी डॉलर खर्च होने का अनुमान है। अकेले राष्ट्रपति चुनाव पर 2.6 अरब अमेरिकी डॉलर का खर्च अनुमानित है।

छह अरब अमेरिकी डॉलर की कुल अनुमानित राशि के साथ 2012 के चुनावों पर, चार साल पहले हुए चुनावों की तुलना में 70 करोड़ अमेरिकी डॉलर अधिक खर्च होंगे। अमेरिकी विचार समूह ‘सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिव पॉलिटिक्स’ ने अपनी एक रिपोर्ट में यह ब्यौरे दिए हैं।

रिपोर्ट जारी करते हुए विचार समूह की कार्यकारी निदेशक शीला क्रूमहोल्ज ने कहा, ‘चुनावी खर्च में ऐतिहासिक वृद्धि देखने को मिल रही हैं। बाहरी समूह खर्च में असाधारण योगदान कर रहे हैं और इन समूहों में कुछ व्यक्तियों और संगठनों का बोलबाला है। ना केवल चुनाव के कुल खर्च ऐतिहासिक हैं बल्कि जिस दर से खर्च वृद्धि हुई है और चुनाव के आखिरी हफ्तों में भी वृद्धि जारी है, वह भी ऐतिहासिक है।’

रिपोर्ट में कहा गया है कि इन समूहों द्वारा राष्ट्रपति चुनाव के दोनों उम्मीदवारों के पक्ष और विपक्ष में किया जाने वाला खर्च सितंबर महीने के शुरूआती हफ्तों में 1.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर था जो अक्तूबर माह के शुरूआती हफ्तों में 3.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर हो गया और 21 अक्तूबर से शुरू हुए महीने के आखिरी हफ्ते में यह बढ़कर सात करोड़ डॉलर हो गया।

रिपोर्ट के मुताबिक अकेले राष्ट्रपति चुनाव पर 2.6 अरब अमेरिकी डॉलर का खर्च अनुमानित है। हालांकि यह 2008 में हुए खर्च से कम है, तब 2.8 अरब डॉलर खर्च हुए थे।

इसमें कहा गया है कि 2012 में राष्ट्रपति उम्मीदवार और बड़ी पार्टी समितियों द्वारा कुल दो अरब डॉलर खर्च किए जाने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार, बाहरी समूहों द्वारा 52.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर की राशि खर्च किए जाने का अनुमान है। साथ ही विचार समूह ने कहा है कि अमेरिकी कांग्रेस के चुनाव में होने वाले खर्च में भी मामूली वृद्धि हो सकती है। (एजेंसी)


First Published: Thursday, November 1, 2012, 10:16

comments powered by Disqus