Last Updated: Monday, September 24, 2012, 11:19
तेहरान : अमेरिका ने कुछ ईरानी अधिकारियों को वीजा देने से इनकार कर दिया है। इनमें दो मंत्री भी शामिल हैं। ये सभी अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेना चाहते थे। यह जानकारी ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने दी है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार, अमेरिकी विदेश विभाग ने 160 में से 20 अधिकारियों को वीजा जारी करने से इंकार कर दिया। ईरान सरकार ने दो महीने पहले इन सभी के वीजा हेतु अनुरोध किया था। कई ईरानी अधिकारी ईरान के विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम को लेकर लगाए गए प्रतिबंधों के तहत यात्रा प्रतिबंधों का सामना कर रहे हैं।
फार्स की रपट में दोनों मंत्रियों के नाम नहीं बताए गए हैं, लेकिन कहा गया है कि ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के साथ विदेश मंत्री अली अकबर सालेही और उनके चीफ ऑफ स्टाफ इसफंदियार रहीम माशाई होंगे। अहमदीनेजाद बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में अपना अंतिम भाषण दे सकते हैं। अहमदीनेजाद जब से राष्ट्रपति पद पर आसीन हुए हैं, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा की सभी बैठकों में हिस्सा लिया है। न्यूयार्क प्रवास के दौरान 150 से अधिक सुरक्षा अधिकारी अहमदीनेजाद की सुरक्षा सुनिश्चित कराएंगे। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 24, 2012, 11:19