'ईरान को नहीं बनाने देंगे परमाणु हथियार' - Zee News हिंदी

'ईरान को नहीं बनाने देंगे परमाणु हथियार'

सैंटा क्लारा : अमेरिका के रक्षा मंत्री लियोन पेनेटा ने कहा है कि उनका देश ईरान को परमाणु सक्षम देश बनने से रोकने के लिए हर संभव कदम उठाएगा।

 

पेनेटा ने टेलीविजन चैनल सीबीएस पर रविवार को प्रसारित 60 मिनट्स में एक साक्षात्कार में कहा ‘यदि ईरान आगे बढ़ते हैं और हमें यह गुप्त सूचना मिलती है कि वे परमाणु हथियार विकसित करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं तो हम उसे रोकने के लिए जो भी जरूरी कदम होगा, उठाएंगे।’

 

यह पूछे जाने पर कि क्या इसमें सैन्य विकल्प भी शामिल हैं, उन्होंने कहा कि ऐसा कोई विकल्प नहीं है, जिस पर गोपनीय तरीके से विचार किया जा रहा हो।

 

उन्होंने कहा कि आम राय यह है कि यदि वे ऐसा करने का निर्णय करते हैं तो उन्हें परमाणु बम बनाने में एक वर्ष का समय लगेगा और उसके बाद उस हथियार को ले जाने वाले संवाहक बनाने में भी एक से दो वर्ष का समय लग जाएगा।

 

पेनेटा ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘अमेरिका और राष्ट्रपति ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हम नहीं चाहते कि ईरान परमाणु हथियार बनाये। यह हमारे लिए सीमा रेखा है। यह निश्चित रूप से इजरायलियों के लिए भी सीमा रेखा है, इसलिए इस मामले में हम दोनों के साझा लक्ष्य हैं। यदि हमें यह करना है तो हम करेंगे।’ (एजेंसी)

First Published: Monday, January 30, 2012, 15:53

comments powered by Disqus