Last Updated: Friday, November 30, 2012, 08:54
.jpg)
वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति चुनावों में अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंदी रहे मिट रोमनी के साथ व्हाइटहाउस में दोपहर का भोजन किया। इस भोज के दौरान इन दोनों नेताओं के बीच चर्चा का मुख्य विषय विश्व में अमेरिका का नेतृत्व था। व्हाइटहाउस के ओवल ऑफिस से लगे एक निजी भोजन कक्ष में इन दोनों का यह भोज एक घंटे तक चला।
उनके भोजन में शामिल व्यंजनों में सफेद तुर्की चिली और दक्षिण पश्चिमी चिकन सलाद था। छह नवंबर को हुए राष्ट्रपति चुनावों में ओबामा ने मेसाचुसेट्स के गवर्नर रहे मिट रोमनी को हराया था। व्हाइटहाउस ने इस बैठक के बाद कहा कि गवर्नर रोमनी ने राष्ट्रपति को उनके अभियान की सफलता के लिए बधाई दी और उन्हें आने वाले चार वषरें के लिए शुभकामनाएं दीं। उनके बीच विश्व में अमेरिका का नेतृत्व और भविष्य में नेतृत्व पद पर बने रहने के महत्व पर चर्चा हुई।
व्हाइटहाउस ने कहा कि उन्होंने भविष्य में साझा हितों पर एकसाथ काम करने के लिए आपस में संपर्क में बने रहने का संकल्प किया। पहले व्हाइटहाउस के प्रेस सचिव जे कार्ने ने कहा था कि यह वह बातचीत थी जो राष्ट्रपति ओबामा रोमनी के साथ करना चाहते थे। इसका जिक्र उन्होंने चुनावों की रात को भी किया था। कार्ने ने कहा कि मुझे लगता है कि वे रोमनी के कुछ विचारों में वाकई रूचि रखते हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 30, 2012, 08:53