'कतर दुनिया का सबसे अमीर देश' - Zee News हिंदी

'कतर दुनिया का सबसे अमीर देश'

दुबई : कतर दुनिया का सबसे अमीर देश है। प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स की नई सूची में कतर को दुनिया का सबसे धनी देश बताया गया है। खाड़ी के इस देश की आबादी 17 लाख है। प्रति व्यक्ति जीडीपी के हिसाब से इसे दुनिया का सबसे अमीर देश कहा गया है। तेल कीमतों में तेजी और अपने विशाल प्राकृतिक गैस भंडार की वजह से कतर यह उपलब्धि हासिल कर पाया है।

 

फोब्र्स ने कहा कि क्रय शक्ति के हिसाब से कतर दुनिया में पहले नंबर पर है। 2010 में यहां प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 88,000 डॉलर था। संयुक्त अरब अमीरात 47,500 डॉलर के साथ सूची में छठे तथा कुवैत 15वें स्थान पर है। कतर में 2022 में विश्व कप फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन होना है। साथ ही यह 2020 के ओलंपिक खेलों के आयोजन की दौड़ में भी है। हाल के समय में कतर एक बड़ा निवेशक रहा है।

 

फोर्ब्स ने कहा कि सरकार 2022 के फुटबॉल विश्व के मद्देनजर बुनियादी ढांचा क्षेत्र में भारी निवेश कर रही है। इस सूची में 81,000 डॉलर प्रति व्यक्ति जीडीपी के साथ लग्जमबर्ग दूसरे स्थान पर है। वहीं 56,700 डॉलर के साथ सिंगापुर तीसरे पायदान पर है।

 

चौथे स्थान पर नॉर्वे, पांचवें पर ब्रुनेई है। छठे पर यूएई, सातवें पर अमेरिका, आठवें पर हांगकांग, नौवें पर स्विट्जरलैंड और दसवें पर नीदरलैंड हैं।  (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 26, 2012, 17:50

comments powered by Disqus