Last Updated: Saturday, December 10, 2011, 09:26
कराची : कराची विश्वविद्यालय के परिसर के बाहर हुए एक बम विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की खबर है।
यह विस्फोट शनिवार सुबह करीब 11 बजे विश्वविद्यालय के एक गेट के बाहर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने टीवी समाचार चैनलों को बताया कि एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति इसमें बुरी तरह से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्ति के क्षत-विक्षत अंग एकत्रित किए और उस व्यक्ति को एक निजी वाहन में अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों ने बाद में समाचार चैनलों को बताया कि उस व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई। इस विस्फोट में कई और लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बम सड़क किनारे रखा गया था।
कराची में शुक्रवार को हुए एक बम विस्फोट में पाकिस्तानी रेंजर सुरक्षा बल के तीन जवान मारे गए थे जबकि चार अन्य घायल हो गए। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 10, 2011, 14:56