Last Updated: Friday, April 13, 2012, 15:58
बिसाउ : पश्चिमी अफ्रीका के गिन्नी बिसाउ में तख्ता पलट की कोशिश के बाद सेना ने देश में राष्ट्रपति पद के प्रमुख उम्मीदवार कालरेस गोम्स जूनियर को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी कालरेस की पत्नी ने दी।
अपने घर से कुछ सामान लेने आई सालोम गोम्स ने बताया कि कल रात सेना ने उनके घर पर हमला किया और एक पिकअप ट्रक में कालरेस को उठा कर ले गए। 29 अप्रैल को होने वाले चुनावों में कालरेस के जीत हासिल करने की पूरी संभावना थी। रॉकेट लांचर, रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड और कलाश्नीकोव राइफलों से लैस सैनिकों ने कल रात अंधेरे में सत्तारुढ़ पार्टी के मुख्यालय और सरकारी रेडियो स्टेशन पर कब्जा कर लिया और नेताओं को पकड़ लिया। राजधानी की अंधेरी सड़कों पर गोलियां चलने की आवाज भी सुनाई दी।
सैन्य सूत्र ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नेताओं को अमुरा स्थित सेना के मुख्यालय ले जाया गया है। पश्चिमी अफ्रीकी क्षेत्रीय समूह ‘ईसीओडब्ल्यूएएस’, जो हाल ही में माली में हुए तख्ता पलट से जूझ रहा है, ने तख्ता पलट की कोशिश की कड़ी निंदा की है। इस बीच पूर्व औपनिवेशक शासक पुर्तगाल ने ‘हिंसा को रोकने और कानून का सम्मान करने की बात कही है।’
(एजेंसी)
First Published: Friday, April 13, 2012, 21:28