Last Updated: Friday, August 24, 2012, 10:23

वाशिंगटन : अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा गुरुद्वारे में हुई गोलीबारी के पीड़ितों से मिलने विस्कोंसिन के ओक क्रीक शहर पहुंचीं। उनके साथ कुछ सामुदायिक नेता भी थे। व्हाइट हाउस पूल रिपोर्ट के अनुसार, मिशेल ने मीडिया की नजरों से दूर ओक क्रीक हाईस्कूल में इन लोगों से मुलाकात की।
मिशेल ने पीड़ित परिवारों से कहा, ‘आप लोगों के साथ होना मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे दुख है कि यह मुलाकात इन हालातों में हुई है।’ मिशेल ने सिख परिवारों के साथ लगभग 30 मिनट का समय बिताया। इसके अलावा पुलिस अधिकारी लेफ्टिनेंट ब्रायन मर्फी के परिवार ने मिशेल से एक अलग कमरे में मुलाकात की। वेड माइकल पेज नाम के श्वेत हमलावर ने मर्फी को आठ से भी ज्यादा गोलियां मारी थीं जिससे उसकी मौत हो गई थी।
गुरुद्वारा सचिव कुलवंत सिंह धालीवाल और ओक क्रीक के मेयर स्टीफन स्काफिदी ने स्कूल में मिशेल का स्वागत किया। इस महीने यहीं पर तीन हजार से भी ज्यादा शोकाकुल लोग गोलीबारी में मारे गए छह सिख लोगों के अंतिम संस्कार के लिए जुटे थे। धालीवाल ने कहा, ‘आपका यहां आकर हमारा दुख बांटना हमें अच्छा लगा। यह हमारे लिए इस स्थिति में बहुत मायने रखता है। आप पीड़ित परिवारों से मिलकर अपनी सहानुभूति और भावनाएं पहुंचाने के लिए यहां आईं। आपके इस प्रयास की हम सच्चे दिल से सराहना करते हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 24, 2012, 10:23