Last Updated: Sunday, March 11, 2012, 03:24
टोक्यो: जापान में आये भूकंप और सुनामी को आज एक साल पूरा हो गया। इस प्राकृतिक आपदा ने करीब 19 हजार लोगों की जान लील ली थी।
रविवार तड़के ही जापान में लोग रिकुजेनतकाता शहर में इकट्ठे हुये और हादसे में खोये अपनों को याद करते हुये प्रार्थना की। इस भीषण भूकंप की चपेट में फुकुश्मिा दाईची परमाणु संयंत्र भी आ गया था और पूरे इलाके में विकिरण का खतरा पैदा हो गया था।
भूकंप के ठीक बाद ही जापान के पूर्वोत्तर तट पर सुनामी की लहरों ने तट को अपने आगोश में ले लिया और जहाज, गाड़ियों से लेकर इमारतें तक बहती हुई चली गईं थीं।
इस पूरे हादसे में करीब 15800 लोग काल के गाल में समाये थे। मीडिया रिपेार्ट के अनुसार इसकी बरसी पर एक मिनट का मौन धारण किया गया और स्मृति सभायें आयोजित की गईं। टोक्यो नेशनल थियेटर पर मुख्य स्मृति सभा आयोजित होगी जिसमें जापान नरेश अकिहितो और प्रधानमंत्री योशिहिको नोदा शिरकत करेगें।
टोक्यों में एक राष्ट्रीय आयोजन होगा जिसमें प्रधानमंत्री और जापान नरेश देश में युद्ध के बाद के इस सर्वाधिक भीषण हादसे में जान गंवाने वालों के लिए प्रार्थना करेंगे।
सुनामी की वजह से देश के तटीय भागों में बसे छोटे ग्रामीण शहर तहस नहस हो गए थे। ये शहर फिर से बस गए हैं लेकिन अपनों को खोने की पीड़ा कम नहीं हुई। इन शहरों में अपनों की ही याद में समारोह होंगे।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, March 11, 2012, 20:37