जापान में 6.3 तीव्रता का भूकंप, 23 घायल

जापान में 6.3 तीव्रता का भूकंप, 23 घायल

जापान में 6.3 तीव्रता का भूकंप, 23 घायलतोक्यो : पश्चिम जापान में आज सुबह 6.3 तीव्रता का भूकंप का जबर्दस्त झटका महसूस किया गया जिसके चलते कोबे शहर में 23 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, घायलों में ज्यादातर लोग बुजर्ग हैं जो भागते वक्त गिरने से घायल हो गए। घायलों में से सात लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

जापान की मौसम एजेंसी के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 5 बजकर 33 मिनट पर कोबे शहर के दक्षिण पश्चिम में समुद्र में आवाजी द्वीप के नजदीक आया और 10 किलोमीटर की गहराई में केंद्रित था। एजेंसी ने आगाह किया कि अभी भूकंप के और झटके महसूस किए जा सकते हैं। टीवी न्यूज की फुटेज के अनुसार, कई घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। जापान के सरकारी प्रसारक एनएचके ने बताया कि भूकंप के बाद सुरक्षा जांच के तहत स्थानीय ट्रेन सेवा निलंबित कर दी गई, जबकि ओसाका खाड़ी स्थित कंसाई हवाई अड्डे को अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया।

एनएचके ने कहा कि भूकंप से एक मकान की दीवार गिर जाने से कम से कम दो लोग घायल हो गए। आज के भूकंप का केंद्र 1995 में कोबे में आए भूकंप के केंद्र के नजदीक ही था जिसमें 6000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। कंसाई इलेक्ट्रिक पॉवर ने कहा कि इसके ओई परमाणु उर्जा संयंत्र पर भूकंप का कोई असर नहीं पड़ा है। जापान में नियमित तौर पर शक्तिशाली भूकंप आते रहते हैं । मार्च 2011 में समुद्र में आए 9.0 की तीव्रता वाले भूकंप से उठी सुनामी में देश के तटीय इलाकों में करीब 19,000 लोगों की जान चली गई थी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 13, 2013, 17:56

comments powered by Disqus