Last Updated: Monday, June 17, 2013, 20:31

लंदन : ट्विटर पर जब तब ‘चहकने वालों’ के लिए अच्छी खबर है। सोशल नेटवर्किंग साइट के संदर्भ में ट्वीट शब्द को ऑक्सफर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में शामिल किया गया है और ऐसा करते हुए शब्दकोश ने अपने इस नियम को तोड़ दिया कि किसी भी नये शब्द को 10 वर्ष तक प्रचलन में रहने के बाद ही दुनिया के इस प्रतिष्ठित शब्द भंडार में शामिल किया जाएगा।
शब्दकोश के मुख्य संपादक जॉन सिंपसन ने कहा, ‘संज्ञा और क्रिया के रूप में ट्वीट (सोशल नेटवर्किंग साइट के संदर्भ में) शब्द को ओईडी में शामिल किया गया है।’
उन्होंने कहा, ‘इससे ओईडी का कम से कम एक नियम टूटा है। इससे पहले तक यह नियम था कि किसी शब्द के 10 वर्ष तक प्रचलन में रहने के बाद ही उसे शब्दकोश में शामिल करने के बारे में विचार किया जाता था।’
हालांकि चिड़ियों की चहचहाहट के संदर्भ में ट्वीट शब्द पहले से ही शब्दकोश में मौजूद है, लेकिन शब्दकोश के जून 2013 के संस्करण में इसमें इस शब्द की एक अतिरिक्त आधिकारिक परिभाषा होगी।
दिलचस्प बात यह है कि शब्दकोश ने ‘रिट्वीट’ शब्द को वर्ष 2011 में ही शब्दकोश में शामिल कर लिया था। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 17, 2013, 20:31