तुर्की भूकंप में मृतकों की तादाद 366 हुई - Zee News हिंदी

तुर्की भूकंप में मृतकों की तादाद 366 हुई



इस्तांबुल : पूर्वी तुर्की में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 366 हो गई है, जबकि करीब 1300 घायल हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय की आपात इकाई ने अपने वेबसाइट पर जारी एक बयान में यह जानकारी दी। उसमें कहा गया है कि वान प्रांत में आए भूकंप से 2200 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हुई। इससे पहले मरने वालों की संख्या 279 बताई गई थी। कई लोग मलबे में दबे हैं, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

 

उधर, इस विनाशकारी भूकंप के दौरान जमींदोज हुई इमारतों के मलबे में अब भी जीवित बचे लोगों को तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। वान प्रांत के लोगों ने ट्वीटर के जरिए लोगों से मदद मांगी है। सैकड़ों राहतकर्मी लोगों को बचाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटे हैं। वान के अलावा अन्‍य कई शहरों में भी भारी तबाही हुई है।

 

ईरान की सीमा के निकट के शहर एर्किस में भारी तबाही हुई है। इसकी आबादी 75,000 है। यहां लगभग 80 बहुमंजिला इमारतें मटियामेट हो गई हैं। इसी शहर में यालकिन अकाय उन चंद खुशनसीबों में रहे, जो मलबे में दबने के बाद भी जीवित बचे। छह मंजिला इमारत के मलबे में दबे अकाय ने अपने मोबाइल के जरिए पुलिस के आपात नंबर पर फोन कर मदद मांगी।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, October 25, 2011, 16:31

comments powered by Disqus