Last Updated: Thursday, November 10, 2011, 09:43
अंकारा: पूर्वी तुर्की में भूकंप में सात लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोगों के इमारतों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के आपदा एवं आपात प्रबंधन अध्यक्ष मंडल के अनुसार 23 लोगों को मलबे से जीवित निकाला गया जबकि सात ने भूकंप के दौरान दम तोड़ दिया।
इससे पहले उप प्रधानमंत्री बशीर अतालय ने भूकंप से पांच लोगों की मौत होने की घोषणा की थी। यह अभी साफ नहीं है कि कितने लोग मलबे में दबे हैं।
भूकंप बुधवार को अंतरराष्ट्रीय समयानुसार अपराह्न सात बज कर 23 बजे आया। इसका केन्द्र वान प्रांत से 15 किलोमीटर दूर एद्रेमित जिले में था। अमेरिकी जियोलोजिकल सर्वे ने इसकी तीव्रता 5.6 बताई है। पहले उसने 5.7 बताया था।
तुर्की में इसी क्षेत्र में तीन हफ्ते पहले एक जबरदस्त भूकंप आया था जिसमें 600 से ज्यादा लोग मारे गए।
घटनास्थल से विदेश मंत्री अहमद दावुतोग्लू ने बताया कि भूकंप में 25 इमारतें ढह गई। ढही हुईं इमारतों में से 22 खाली थीं। उन्होंने बताया, ‘बचाव और राहत दल तीन इमारतों में अपना अभियान केन्द्रित किए हुए हैं।’
इस बीच एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार तुर्की मीडिया के अनुसार मलबे के नीचे से आ रहीं मदद के लिए लोगों की पुकारें सुनी जा सकती हैं। पहले के बचाव प्रयासों में कम से कम दस लोगों को मलबे के नीचे से सुरक्षित निकाला गया है। सूत्रों के मुताबिक कम से कम तीन शव बरामद किए जा चुके हैं और एक होटल के मलबे में 50 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है।
उप प्रधानमंत्री बसीर अतालय ने कहा कि भूकंप से एक होटल, एक स्कूल और कई घर ध्वस्त हो गए।
उन्होंने कहा कि बचाव दलों को अंकार और अन्य क्षेत्रों से मौके पर भेजा जा रहा है।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, November 10, 2011, 15:15