Last Updated: Friday, February 8, 2013, 19:45
केपटाउन : दक्षिण अफ्रीका में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसका अंग-भंग किए जाने से समूचे देश में आक्रोश है। सरकार एवं सामाजिक संगठनों ने इस शर्मनाक घटना की निंदा की है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पश्चिमी केप के ब्रेडासड्रॉप स्थित औद्योगिक क्षेत्र में गत शनिवार की सुबह पुलिस को 17 वर्षीया किशोरी का शव मिला था। सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या कर दी गई थी।
दक्षिण अफ्रीका में हाल के वर्षो में अपराधी यों तो कई किशोरियों और महिलाओं को निशाना बनाते रहे हैं, लेकिन सामूहिक दुष्कर्म का यह मामला सबसे वीभत्स है। महिला, शिशु एवं विकलांग कल्याण मंत्री लुलू झिंगवाना ने गुरुवार को कहा था कि हम अपना आक्रोश और दुख प्रकट करना चाहते हैं। पुलिस ने जैसी तत्परता दिखाई और संदिग्धों को गिरफ्तार किया, इसकी हम सराहना करते हैं। इस घटना में संलिप्त सभी अपराधियों की जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।
इस वारदात के सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित युवती ने शनिवार की सुबह दम तोड़ने से पहले उस पर कथित तौर से हमला करने वालों में से एक की पहचान की थी। झिंगवाना ने कहा कि संदिग्धों को कानून के अनुसार सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होना सुनिश्चित हो ताकि भविष्य में कोई दुष्कर्मी बनने का दुस्साहस न कर सके।
पुलिस महकमे के उपमंत्री मैगी सोत्यू ने भी भरोसा दिया कि इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी। दक्षिण अफ्रीकी नगर निगम कर्मचारी संघ (एसएमडब्ल्यूयू) ने कहा कि सामूहिक दुष्कर्म की यह ताजा घटना हमें यह सोचने के लिए बाध्य करती है कि हम किस तरह का समाज विकसित कर रहे हैं। पुलिस महकमे के मंत्री ने पिछले वर्ष जो आकड़े घोषित किए थे, उसके अनुसार वर्ष 2009-10 के मुकाबले 2010-11 में दुष्कर्म सहित यौन अपराधों की संख्या में 2.1 फीसदी की वृद्धि हुई थी। इसी अवधि में महिलाओं की हत्या के मामले 5.6 फीसदी बढ़े थे और बच्चों के साथ यौनाचार के मामलों में 2.6 फीसदी की वृद्धि हुई थी। (एजेंसी)
First Published: Friday, February 8, 2013, 19:45