Last Updated: Monday, October 31, 2011, 05:39
मनीला: रविवार को दुनिया की आबादी 7 अरब हो गई । फिलीपींस के मनीला में 7अरबवां बच्चा पैदा हुआ। संयुक्त राष्ट्र की वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई है। इसके तुरंत बाद दुनिया के अन्य हिस्से में जन्मे बच्चे के साथ ही आबादी सात अरब के पार हो गई।
7 अरबवें बच्चे डेनिका मे कमाचो का जन्म मनीला के सरकारी अस्पताल में हुआ। डेनिका का वजन 2.5 किलो है। डिनेका के जन्म की खबर मिलने पर संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। यानी अब यह कहा जा सकता है कि दुनिया की आबादी सात करोड़ के पार हो गई है।
इससे पहले संभावना जताई गई थी कि उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में 7 अरबवां बच्चा पैदा हो सकता है। इस संभावना के पीछे यूएन ने तर्क दिया था कि भारत में हर मिनट 51 बच्चे पैदा होते हैं, जो कि दुनिया में सबसे ज्यादा है और अकेले यूपी में 11 बच्चे हर मिनट पैदा होते हैं। उत्तर प्रदेश की जनसंख्या ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी की कुल जनसंख्या के बराबर है।
जनसांख्यिकी विशेषज्ञों की चिंता है कि इतनी बड़ी जनसंख्या के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा और नौकरी मुहैया कराना मुश्किल होगा। पिछले 50 सालों में दुनिया की जनसंख्या दोगुने से ज्यादा हो चुकी है, जिससे संसाधनों पर भारी दबाव है।
दुनिया के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगले 50 साल में जो 2-3 अरब लोगों की जनसंख्या बढ़ेगी। माना जा रहा है कि 2007 से 2025 के बीच विकासशील देशों में पानी का इस्तेमाल 50 फीसदी और विकसित देशों में 18 फीसदी बढ़ जाएगा।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 1, 2011, 12:07