दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति ने मनाया 116वां बर्थडे

दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति ने मनाया 116वां बर्थडे

टोक्यो : जापान के क्योटो प्रांत में दुनिया के सबसे बुजुर्ग इंसान जिरोइमोन किमुरा ने शुक्रवार को अपना 116वां जन्मदिवस मनाया। इस अवसर पर किमुरा को जापान के प्रधानमंत्री ने एक व्यक्तिगत बधाई संदेश भी भेजा। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवा चुके जिरोइमोन किमुरा दुनिया के सबसे वृद्ध इंसान हैं। इनके जन्म दिवस पर बधाई देने के लिए दुनिया भर से करीब 156 बधाई संदेश आए थे। क्योटैंगो शहर स्थित किमुरा के घर पर बधाई देने के लिए मेयर सहित शहर के कई गणमान्य नागरिकों का हुजूम लगा था। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने भी किमुरा को एक वीडियो संदेश के जरिए बधाई दी थी।

प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में कहा, मैं दिल से आपको बधाई देता हूं। मैं 58 वर्ष का हूं, लेकिन फिर भी आपकी तुलना में अभी जवान ही हूं और आप हमारे देश का गौरव हैं। एक अधिकारी ने बताया कि किमुरा का स्वास्थ्य अभी भी काफी अच्छा है। वह हर दिन तीन मील पैदल चलते हैं। किमुरा की इस लम्बी आयु के रहस्य का पता लगाने के लिए शहर के अधिकारियों ने एक शोध दल का गठन करने की योजना बनाई है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 20, 2013, 10:44

comments powered by Disqus