दुनिया में इस्लाम को गलत समझा गया: खार - Zee News हिंदी

दुनिया में इस्लाम को गलत समझा गया: खार

दावोस : पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा है कि इस्लाम दुनिया में ‘सर्वाधिक गलत समझा गया और गलत तरीके से पेश किया गया धर्म’ है। इसके साथ उन्होंने इस बात को  स्वीकार किया कि अनपढ़ और गैर जिम्मेदार लोगों को इस धर्म की कमान अपने हाथों में लेने की अनुमति दी गई।

 

विश्व आर्थिक मंच में लोकतंत्र विषय पर एक बहस में हिस्सा लेते हुए खार ने कहा, ‘मेरे दिमाग में इस्लाम दुनिया में सर्वाधिक गलत समझा गया और गलत तरीके से पेश किया धर्म है। उदाहरण के लिए इस्लाम एक ऐसा धर्म है जो महिलाओं के सम्मान की बात करता है। पूरी दुनिया को इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए क्योंकि हमने इस्लाम को गलत तरीके से पेश करने दिया।’ उन्होंने कहा कि इस्लाम ने सर्वाधिक बेहतरीन लोकतंत्र का समर्थन किया है और हमारा देश दस साल में इसका सर्वश्रेष्ठ उदाहरण बनेगा।

 

विश्व आर्थिक मंच के सम्मेलन में हिस्सा लेने दावोस पहुंची हिना रब्बानी ने कहा, ‘पाकिस्तान में वैसा नहीं है, जैसा बाहरी दुनिया को दिखाई पड़ता है। पाकिस्तान में संसद काफी नई है। अभी लोगों को इसे अपनाना बाकी है।’ उन्होंने कहा, ‘थोड़ी खींचतान चल रही है, लेकिन यह बहुत खराब स्थिति नहीं है। चीजें बहुत जल्द ठीक हो जाएंगी।’ सम्मेलन में ‘लोकतंत्र’ पर आयोजित बहस के दौरान पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने विकसित देशों पर निशाना साधा और कहा कि इन्हीं लोगों ने पाकिस्तान में सैन्य तानाशाही का समर्थन किया था।

 

उन्होंने कहा, ‘दुनिया के कुछ बेहद परिपक्व और बड़े लोकतांत्रिक देशों ने पाकिस्तान में सैन्य सरकारों का समर्थन किया। दुनिया के कई देशों में आज भी अलोकतांत्रिक व्यवस्था बनी हुई है। विकसित दुनिया से पाकिस्तान में सैन्य नेतृत्व के लिए समर्थन आता रहा है।’ (एजेंसी)

First Published: Friday, January 27, 2012, 18:10

comments powered by Disqus