नाटो हमले में 25 पाक सैनिकों की मौत - Zee News हिंदी

नाटो हमले में 25 पाक सैनिकों की मौत

इस्लामाबाद:  उत्तर अटलांटिक संधि संगठन के हेलीकॉप्टरों द्वारा अफगानिस्तान की सीमा के निकट एक पाकिस्तानी सैन्य चौकी पर शुक्रवार रात को की गई बमबारी में 25 सैनिक मारे गए और 14 घायल हो गए।

 

यह आरोप पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों ने लगाया है। वेबसाइट 'अलजजीरा डॉट नेट' के मुताबिक  पाकिस्तान सरकार के अधिकारी ने बताया है कि यह बमबारी मोहमंद कबायली क्षेत्र में की गई। इसमें सेना के दो अधिकारी भी मारे गए हैं। उधर नाटो ने कहा है कि सीमा के समीप 'किसी घटना' की जानकारी मिली है और इस बात की जांच कराई जा रही है।

 

मोहमंद के दो सरकारी अधिकारियों मकसूद हसन और हामिद खान ने बताया कि यह चौकी हाल ही में पाकिस्तानी सेना द्वारा सलाला गांव में बनवाई गई थी। इसका उद्देश्य अफगानिस्तान से होने वाली तालिबान आतंकवादियों की घुसपैठ पर काबू पाना है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने इसे अकारण और अविवेकपूर्ण हमला करार दिया है।

 

इस बीच खबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर मकसूद कौसर ने कहा है कि उन्होंने खबर एजेंसी क्षेत्र के प्रशासक से नाटो का आपूर्ति मार्ग तत्काल प्रभाव से बंद करने को कहा है। अफगानिस्तान में तैनात नाटो सुरक्षा बलों के लिए रसद यहीं से होकर गुजरती है।

 

पिछले साल नाटो हेलीकॉप्टरों द्वारा दुर्घटनावश की गई बमबारी में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। इस घटना के विरोध में पाकिस्तान ने नाटो की आपूर्ति रोकने के लिए अस्थायी तौर पर अपनी सीमा बंद कर दी थी।

 

अमेरिकी सुरक्षा बल अफगानिस्तान की सीमा से सटे पाकिस्तानी कबायली इलाकों पर पिछले कई हमलों से ड्रोन हमलों को अंजाम देते आ रहे हैं। (एजेंसी )

First Published: Saturday, November 26, 2011, 14:44

comments powered by Disqus