Last Updated: Tuesday, September 17, 2013, 21:21

वॉशिंगटन : अमेरिका की राजधानी में उच्च सुरक्षा वाले ‘वॉशिंगटन नेवी यार्ड’ में एक बंदूकधारी के अंधाधुंध गोलीबारी करने से एक भारतीय अमेरिकी नागरिक सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई जो सैन्य अनुबंधकर्ता था। वाशिंगटन मेट्रोपोलिटन पुलिस ने गोलीबारी में मारे गए लोगों में से सात के नाम जारी किए हैं जिसमें एक 61 वर्षीय विष्णु पंडित है। छह अन्य की पहचान माइकल आरनोल्ड (59), सिल्विया फ्रेजर (53), कैथी गराड (62), जॉन रोजर जॉनसन (73), फ्रैंक कोहलर (50) और केनेथ बर्नार्ड प्रोक्टर (46) है।
व्हाइट हाउस से कुछ ही दूर स्थित वॉशिंगटन नेवी यार्ड में कल 34 वर्षीय बंदूकधारी आरोन एलेक्सिस ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 12 लोगों को मार डाला जिसमें ज्यादातर लोग सैन्य अनुबंधकर्ता थे। बंदूकधारी खुद भी एक सैन्य अनुबंधकर्ता था और वह भी मारा गया। वॉशिंगटन डीसी के मेयर विन्सेन्ट ग्रे ने यहां संवाददाताओं को बताया, गोलीबारी में हमलावर सहित 13 लोग मारे गए। पंडित के बारे में अब तक सिर्फ यही पता चला है कि वह एक रक्षा अनुबंधकर्ता था।
ग्रे ने कहा, हमें अब तक घटना के उद्देश्यों का पता नहीं चला है। हम घटना के उद्देश्यों का पता करने की कोशिश जारी रखेंगे लेकिन वर्तमान में इसके पीछे आतंकवाद के तार जुड़े होने के संदेह की कोई वजह नजर नहीं आ रही। हालांकि हमने इसे खारिज भी नहीं किया है।
अधिकारियों के अनुसार, एलेक्सिस करीब एक साल पहले टैक्सास छोड़ चुका था। वह चार माह से वाशिंगटन में रह रहा था। समझा जाता है कि वह वैध बैज के साथ नेवी यार्ड में गया था। एक अनुबंधकर्ता के साथ उसने वहां काम किया। नौसेना से उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, एलेक्सिस ने मई 2007 से जनवरी 2011 तक नौसेना में काम किया। जब वह नौसेना से अलग हुआ तब वह तृतीय श्रेणी का अधिकारी था।
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वाशिंगटन नेवी यार्ड में गोलीबारी की घटना की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण कार्रवाई करार दिया है। बाद में ओबामा ने मृतकों के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का आदेश दिया। उन्होंने शाम को व्हाइट हाउस में होने वाला एक संगीत समारोह भी रद्द कर दिया। घटनाक्रम पर निजी तौर पर नजर रख रहे अमेरिकी राष्ट्रपति ने जांच के बारे में ताजा जानकारी लेने के लिए एफबीआई निदेशक जेम्स कॉमे से संपर्क किया। शुरू में पुलिस ने कहा था कि वह दो और संदिग्धों की तलाश कर रही है। ग्रे ने कहा, हमने दो अन्य संदिग्धों के शामिल होने की आशंका जताई थी। इसमें एक के बारे में आशंका खारिज हो गई क्योंकि उसकी पहचान हो गई और वह संदिग्ध नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, September 17, 2013, 21:21