नैरोबी में आतंकी हमला : दो भारतीय सहित 68 लोगों की मौत

नैरोबी में आतंकी हमला : दो भारतीय सहित 68 लोगों की मौत

नैरोबी में आतंकी हमला : दो भारतीय सहित 68 लोगों की मौतनैरोबी/अंबुजा : कीनिया के भीड़ भरे एक मॉल में सोमालियाई आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में दो भारतीयों सहित 68 लोग मारे गए और करीब 200 घायल हो गए। हमले के दूसरे दिन भी सुरक्षाकर्मी मॉल में बंधक बने करीब 30 लोगों को मुक्त कराने के अभियान में जुटे हुए हैं और इस्राइली विशेष बल उनकी मदद कर रहे हैं।

हमले में चार भारतीय घायल हुए हैं, जिनमें दो महिलाएं और एक लड़की शामिल है। यह हमला कल अलकायदा से जुड़े अल शबाब समूह ने किया।
चार मंजिला माल में घुसे हमलावरों की संख्या को लेकर परस्पर विरोधी खबरें आ रही हैं। कीनिया के गृह मंत्री ने इनकी संख्या 10 से 15 बताई है, जबकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने काले लिबास वाले चार लोगों को देखा, जिनके सिर पर कपड़ा बंधा था।

कीनिया सरकार और पश्चिमी राजनयिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने करीब 30 लोगों को बंधक बना रखा है। माल के उपर हेलीकॉप्टर चक्कर लगाते देखे गए। बड़ी संख्या में सेना के जवान माल के अंदर और बाहर मौजूद हैं।

सीएनएन ने कीनिया के सरकारी सूत्रों को यह उद्धृत करते हुए बताया कि इस्राइली विशेष बल मौके पर मौजूद हैं और अपने कीनियाई समकक्षों की मदद कर रहे हैं। गोलियों की आवाज लगातार आ रही है। दोनों तरफ से चल रही गोलियों के बीच सैनिकों ने आज 1000 से ज्यादा लोगों को इस्राइल के स्वामित्व वाले वेस्टगेट मॉल से सुरक्षित बाहर निकाला।

सोमालिया के अल कायदा से संबद्ध अल शबाब गुट के आतंकवादियों ने कल इस मॉल पर कब्जा कर लिया था। वर्ष 1998 में नैरोबी में अमेरिकी दूतावास पर अलकायदा के बम हमले के बाद से यह नकाबपोश उग्रवादियों का बड़ा हमला है।

अभी यह भी स्पष्ट रूप से नहीं पता चला है कि मॉल में फंसे लोगों को आक्रमणकारियों ने बंधक बनाया है या वह खुद को उग्रवादियों से बचाने के लिए छिपे हुए हैं। कीनिया के गृह मंत्री जोसेफ ओले लेंकू ने यह जानकारी दी।

लेंकू ने कहा, ‘मॉल में अभी बंधक मौजूद हैं, जिनकी वजह से हमारे अभियान नाजुक हो गए हैं। अब तक 59 लोगों की मौत हो चुकी है।’’ इस घटना में करीब 200 लोग घायल हुए हैं और लेंकू ने बताया कि 175 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने नयी दिल्ली में कहा कि हमले में 8 वर्षीय एक लड़के सहित दो भारतीय मारे गए हैं और समुदाय के चार अन्य सदस्य हमले में घायल हुए हैं।

हमले में मारे गए 40 वर्षीय श्रीधर नटराजन एक फार्मा कंपनी में काम करते थे। लड़का परमशू जैन बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थानीय शाखा के मैनेजर का पुत्र था। घायलों में नटराजन की पत्नी मंजुला श्रीधर, परमशू जैन की मां मुक्ता जैन, 12 वर्षीय पूर्वी जैन और फ्लेमिंगो ड्यूटी फ्री के कर्मचारी नटराजन रामचंद्र शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कीनियाई राष्ट्रपति उहुरू केनयाता को पत्र लिखकर हमले की भर्त्सना की और कहा, ‘ऐसी हिंसा पर काबू पाने के लिए संगठित वैश्विक प्रयास की जरूरत है ।’ उन्होंने कहा ‘नैरोबी के वेस्टगेट माल में कल हुए क्रूर आतंकी हमले से मैं स्तब्ध और दुखी हूं। भारत इस जघन्य और विवेकहीन हमले की कड़े शब्दों में भर्त्सना करता है जिसमें दोनों देशों के कई बेकसूर लोग मारे गए।’

सिंह ने विदेश मंत्रालय को आदेश दिया है कि हमले के पीड़ित भारतीय नागरिकों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए और स्थिति से निपटने के लिए कीनियाई प्रशासन को सहायता की पेशकश की जाए। हमले के बाद भारतीय उच्चायुक्त सहित भारतीय मिशन के वरिष्ठ अधिकारी आगा खान यूनिवर्सिटी हास्पिटल और एम पी शाह हास्पिटल गए जहां हताहतों को लाया गया था।

भारतीय उच्चायोग के अधिकारी प्रभावितों के परिवारों को आवश्यक सहायता मुहैया कराने के लिए उनसे संपर्क बनाए हुए हैं। साथ ही वह कीनियाई अधिकारियों और वहां भारतीय समुदाय के नेताओं से भी संपर्क बनाए हुए हैं। कीनिया में करीब 70,000 भारतीय और भारतीय मूल के लोग हैं।

टेलीविजन पर कल राष्ट्र को संबोधित करते हुए कीनिया के राष्ट्रपति केनयाता ने कहा कि आतंकवादी कायर हैं और वेस्टगेट हमले में उन्होंने भी अपने परिवार के बहुत करीबी सदस्य को खोया है । राष्ट्रपति ने कहा, ‘मुझे यह स्पष्ट करने दें । हमलावर चाहे जहां भी भागें हम उन्हें खोज कर मार गिराएंगे। हमें उन्हें मारना होगा। उनके इस वीभत्स अपराध के लिए हमे उन्हें सजा देनी चाहिए।’ (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 22, 2013, 15:22

comments powered by Disqus