Last Updated: Tuesday, June 26, 2012, 14:44
वाशिंगटन : अमेरिका दक्षिण अमेरिकी देश पराग्वे में राष्ट्रपति के पद से फर्नाडो ल्यूगो के अपदस्थ होने को तख्ता पलट नहीं मानता, लेकिन वह वहां की स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है।
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता विक्टोरिया नूलैंड ने यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका ल्यूगो के खिलाफ महाभियोग को सैन्य तख्ता पलट के रूप में देखता है, कहा, हम ऐसा नहीं सोचते।
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने पराग्वे से अपने राजदूत को वापस बुलाने का निर्णय अब तक नहीं लिया है, जैसा कि अन्य दक्षिण अमेरिकी देशों ने किया है।
वहीं, वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज ने ल्यूगो के अपदस्थ होने को तख्ता पलट कहा है। उनके अनुसार, ल्यूगो को जबरन सत्ता से बेदखल किया गया, जिसके बाद उनके सहायक फेडेरिको फ्रांको ने नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि पराग्वे की सीनेट ने ल्यूगो पर जिम्मेदारियों का निर्वहन सही तरीके से नहीं किए जाने को लेकर महाभियोग प्रस्ताव पारित कर उन्हें राष्ट्रपति के पद से हटा दिया।
विपक्ष ने एक भूमि विवाद में भूमिहीन किसानों और पुलिस के बीच 15 जून को हुई झड़प में 17 लोगों की मौत के बाद ल्यूगो के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए आवाज उठाई थी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, June 26, 2012, 14:44