Last Updated: Friday, April 26, 2013, 23:17

लाहौर : पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर शुक्रवार को एक अन्य कैदी ने हमला किया गया जिसके बाद उसे लाहौर के अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया। उसके सिर में चोट लगी है और उसकी हालत नाजुक है।
स्थानीय टेलीविजन चैनलों के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि सरबजीत को सरकारी जिन्ना अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोट लखपत जेल में एक कैदी ने सरबजीत पर हमला किया।
खबर है कि भारतीय कैदी पर उस वक्त हमला किया गया जब उसे एक सेल से दूसरे सेल में ले जाया जा रहा था। सरबजीत के सिर में चोट लगी और शुरू में उसे जेल के भीतर बने अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत ज्यादा खराब होने पर सरबजीत को एंबुलेंस के जरिए जिन्ना अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के बारे में अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बारे में उन्हें पाकिस्तान सरकार से कोई जानकारी नहीं दी गई है। कोट लखपत जेल में फिलहाल 17,000 कैदी बंद हैं, जबकि इसकी आधिकारिक क्षमता महज 4,000 की है।
संसद हमले के दोषी अफजल गुरू को फांसी दिए जाने के बाद सरबजीत की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 1990 में हुए बम विस्फोटों के मामले में सरबजीत को मौत की सजा सुनाई गई है। इन विस्फोटों में 14 लोग मारे गए थे।
सरबजीत की दया याचिकाओं को परवेज मुशर्रफ और अदालतों ने खारिज कर दिया था। हाल ही में अपना कार्यकाल पूरा करने वाली पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व की सरकार ने साल 2008 में सरबजीत की फांसी को अनिश्चितकाल के स्थगित कर दिया था। सरबजीत के परिवार का कहना है कि सरबजीत गलत पहचान का शिकार बना है। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 26, 2013, 19:34