पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या 118 हुई

पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या 118 हुई

इस्लामाबाद : पाकिस्तान सरकार ने आज बताया कि देश में अभी तक बारिश और बाढ़ से कम से कम 118 लोगों की मौत हुई है 800 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। देश में पांच लाख से ज्यादा लोग बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं और दूसरी ओर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार (एनडीएमए) लोगों को बचाने और विस्थापित हो चुके लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में संघर्ष कर रहा है।

पंजाब के पूर्वी प्रांत बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। वहां 34 लोगों की मौत हुई है और 747 लोग घायल हुए हैं। सिंध प्रांत में कम से कम 26 लोगों की मौत हुई है जबकि खबर-पख्तूनख्वा प्रांत में 24, बलुचिस्तान प्रांत में 18 और कबाइली इलाकों में 12 लोगों की मौत हुई है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के बाग इलाके में चार लोगों की मौत हुई है।

बाढ़ और तेज बारिश से अभी तक 11,000 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं जबकि 16,500 से ज्यादा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। देश में बाढ़ से प्रभावित गांवों की संख्या 1,746 पहुंच गई है। एनडीएमए ने 94 राहत शिविर लगाए हैं जिनमें 9,200 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। सेना और प्रशासन दोनों ही लोगों की मदद में जुटे हुए हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, August 20, 2013, 22:20

comments powered by Disqus