Last Updated: Friday, May 17, 2013, 16:51
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मीर हजार खान खोसो ने 51 भारतीय मछुआरों को मानवीय आधार पर रिहा करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कार्यालय ने एक बयान में कहा है कि जिन कैदियों को रिहा किया जाना है, वे अपनी सजा पूरी कर चुके हैं। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई है कि भारत भी इस कदम का सकारात्मक जवाब देगा और भारतीय जेलों में सजा पूरी कर चुके पाकिस्तानी कैदियों को रिहा करेगा।
पाकिस्तान और भारत मछली मारने के दौरान गलती से समुद्री सीमा लांघ जाने वाले मछुआरों को अक्सर गिरफ्तार करते रहते हैं।
कई दौर की वार्ता के बावजूद दोनों देश अपनी समुद्री सीमा का निर्धारण नहीं कर सके हैं। वर्तमान में पाकिस्तान की जेलों में 482 भारतीय कैदी बंद हैं और भारतीय जेलों में 496 पाकिस्तानी कैदी बंद हैं।
हाल ही में दोनों देशों में कैदियों पर कातिलाना हमले और बाद में घायल कैदियों की मौत हो जाने के बाद तनाव पैदा हुआ। (एजेंसी)
First Published: Friday, May 17, 2013, 16:51