Last Updated: Monday, February 25, 2013, 15:32
इस्लामाबाद: दक्षिण पश्चिम पाकिस्तान के तनावग्रस्त बलूचिस्तान प्रांत में छह श्रमिक, आतंकवादियों की गोली के शिकार हो गए।
आज मीडिया में आई रिपोर्ट के अनुसार कल ग्वादर जिले के शादी कौर क्षेत्र में इन लोगों को गोली मारी गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक इन सभी की पहचान झोब जिले के निवासी के रूप में हुई है। ग्वादर और कराची को जोड़ने वाले तटीय राजमार्ग के समीप स्थित पासनी शहर से 25 किलोमीटर दूर एक स्थान पर कल तड़के इन श्रमिकों पर हमला किया गया था।
ये व्यक्ति राजमार्ग पर काम कर रहे थे तभी मोटरसाइकिल पर सवार चार बंदूकधारियों ने उन्हें पंक्ति में खड़ाकर उनकी पहचान की पुष्टि की और फिर उन पर गोलियां चला दी।
पासनी के सहायक आयुक्त नईम गिचकी ने पाकिस्तानी समाचार पत्र डॉन को बताया कि एक 12 वर्षीय लड़के ने सुरक्षा कर्मियों को इस घटना की जानकारी दी, इस गोलीबारी में यह लड़का बच गया था। समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, राजमार्ग पर काम कर रहे श्रमिकों के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी और हाल के वषरें में इस प्रांत में इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं।
ग्वादर जिला पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बल हत्यारों की पकड़ने की कोशिश में जुटे हैं लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 25, 2013, 15:32