पाक सांसद की पत्नी समेत 7 की हत्या - Zee News हिंदी

पाक सांसद की पत्नी समेत 7 की हत्या

कराची : शहर में नए सिरे से शुरू हुई हिंसा में बलूचिस्तान एसेंबली के एक सांसद की पत्नी, उनकी बेटी सहित कम से कम सात लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। बलूचिस्तान प्रांत के सिबी से वर्तमान एमपीए मीर बख्त यार डोमकी की पत्नी, बेटी और वाहन चालक की सोमवार देर रात क्लिफ्टन स्थित गिजरी पुल के निकट गोली मार कर हत्या कर दी गयी। उस समय यह लोग अपने घर जा रहे थे।

 

डोमकी दिवंगत बलूच राष्ट्रवादी नेता नबाव अकबर खान बुगती के पोते हैं और उनकी पत्नी बुगती की पोती थीं। वर्ष 2005 में सरकार द्वारा प्रांत में आतंकवाद के खिलाफ चलाए गये अभियान के समय भूमिगत हो गये बुगती को सुरक्षा बलों ने मार डाला था।

 

शोक संतप्त डोमकी ने संवाददाताओं से कहा, ‘हमारी महिलाएं तक सुरक्षित नहीं हैं। हम लोगों को सरकार से कोई न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है लेकिन हमें अल्लाह से न्याय जरूर मिलेगा।’ शहर पुलिस के प्रमुख अयाज घोरचानी ने कहा कि यह हत्या परिवारों के बीच रंजिश का नतीजा प्रतीत होती है जो बलूचिस्तान में आम बात है। कुछ घंटे पहले उत्तरी कराची इलाके के शिया मुस्लिम बहुल इलाकों में भड़की हिंसा में तीन व्यक्तियों की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 31, 2012, 10:20

comments powered by Disqus