Last Updated: Tuesday, September 3, 2013, 18:53

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल अशफाक परवेज कयानी ने आज पिछले कुछ हफ्तों में क्षेत्र में संघर्ष विराम उल्लंघनों के चलते उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिये नियंत्रण रेखा का दौरा किया । कयानी नियंत्रण रेखा पर कोटली सेक्टर गये जहां भारत और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच भारी गोलीबारी हुई थी।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि कयानी सुरक्षा स्थिति का निजी तौर पर जायजा लेने के लिये नियंत्रण रेखा गये और शीर्ष कमाण्डरों ने उन्हें स्थिति की जानकारी दी। कयानी वहां तैनात सैनिकों से भी मिले और उनकी बहादुरी की हौसला अफजाई की। नवम्बर 2003 में नियंत्रण रेखा पर एक संधि के वाबजूद संघर्ष विराम रेखा पर भारी मात्रा में सैनिकों की तैनाती के बाद लगातार झडपें होती रही हैं।
छह अगस्त को स्थिति तब तनावपूर्ण हो गयी जब नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों के हमले में पांच भारतीय सैनिक मारे गये। तब से दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं और इससे दोनों देशों के रिश्तों पर असर पडा है हालांकि बातचीत के जरिये सामान्य स्थिति बहाली के प्रयास चल रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, September 3, 2013, 18:53