पुतिन ने असांजे मामले को बताया ‘राजनीतिक’

पुतिन ने असांजे मामले को बताया ‘राजनीतिक’

मास्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज कहा कि विकीलीक्स के संस्थापक जुलियन असांजे का मामला ‘राजनीतिक’ लगता है। उन्होंने यौन शोषण के आरोपों के तहत असांजे के स्वीडन प्रत्यर्पण को लेकर ब्रिटेन पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। असांजे फिलहाल अपने स्वीडन प्रत्यर्पण से बचने के लिए ब्रिटेन स्थित इक्वाडोर के दूतावास में छुपे हुए हैं। उन्हें डर है कि स्वीडन से उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित किया जा सकता है जहां उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चल सकता है।

पुतिन ने ‘रशिया टुडे’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘उन्होंने (ब्रिटिश न्यायपालिका) उसके प्रत्यर्पण का निर्णय लिया है। यह क्या है ? वास्तव में यह दोहरा मापदंड है और यह साफ है।’ क्रेमलिन ने इस साक्षात्कार की प्रतियां जारी की हैं। पुतिन ने कहा, ‘जहां तक मैं जानता हूं इक्वाडोर ने स्वीडन से गारंटी मांगी है कि असांजे को वहां से अमेरिका प्रत्यर्पित नहीं किया जाएगा। उसे सभी तक ऐसी कोई गारंटी नहीं मिली है।’

उन्होंने कहा, ‘वास्तव में यह बातें सोचने पर मजबूर करती हैं कि यह राजनीतिक मामला है।’ पुतिन ने कहा, ‘हमें हमेशा ब्रिटेन में न्यायपालिका की स्वतंत्रता के बारे में बताया जाता है। यह एक निर्णय लेती है और कोई इसे प्रभावित नहीं कर सकता है।’ (एजेंसी)

First Published: Thursday, September 6, 2012, 19:17

comments powered by Disqus