प्रसव पीड़ा के बाद केट अस्पताल में भर्ती, शाही संतान का इंतजार | Kate Middleton

प्रसव पीड़ा के बाद केट अस्पताल में भर्ती, शाही संतान का इंतजार

प्रसव पीड़ा के बाद केट अस्पताल में भर्ती, शाही संतान का इंतजार लंदन : ब्रिटेन के राजकुमार विलियम की पत्नी केट मिडलेटन के मां बनने की घड़ी नजदीक आ गई है। उन्हें सोमवार को लंदन के एक अस्पताल में दाखिल कराया गया।

राजमहल के अधिकारियों ने बताया कि 31 साल की डचेज ऑफ कैंब्रिज प्रसव पीड़ा के शुरुआती चरण में हैं और ‘सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रही हैं।’ ब्रिटेन में पिछले कई दिनों से शाही संतान के आने को लेकर अटकलें चल रही हैं।

केट को मध्य लंदन स्थित सेंट मैरी अस्पताल के निजी लिंडो विंग में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनके साथ विलियम भी मौजूद हैं।

लिंडो विंग में राजकुमारी डायना ने बड़े बेटे विलियम (31) और छोटे बेटे हैरी (28) को जन्म दिया था। केट के मां बनने की तिथि को लेकर मीडिया में पिछले कई सप्ताह से अटकलें लगाई जा रही है। इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई ऐलान नहीं किया गया, हालांकि मध्य जुलाई तक उनके मां बनने की संभावना जताई गई थी।

महारानी के पूर्व चिकित्सक मार्क सेटचेल के नेतृत्व वाले चिकित्सा दल की निगरानी में शाही संतान का जन्म होगा। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 22, 2013, 19:29

comments powered by Disqus