फिलिपींस: मछुआरों पर हमला, 15 मरे - Zee News हिंदी

फिलिपींस: मछुआरों पर हमला, 15 मरे

मनीला : फिलिपींस के अशांत दक्षिणी क्षेत्र में बंदूकधारियों ने तीन नौकाओं पर गोलीबारी कर 15 मछुआरों को मार डाला।
सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल रैंडोल्फ कागैंगबैंग ने यह जानकारी देते हुए  बताया कि संभावना है कि यह हमला एक प्रतिद्वन्द्वी समूह ने मछली पकड़ने के अपने हिस्से की सुरक्षा के लिए किया होगा।

 

प्रवक्ता के अनुसार, मछुआरे बासिलान प्रांत के सिबागो द्वीप के तटीय जलक्षेत्र में लकड़ी की तीन छोटी नौकाओं में थे। स्पीडबोट्स पर सवार हमलावरों ने कल सुबह उनकी नौकाओं पर गोलीबारी की और भाग गए। बासिलान को मुस्लिम विद्रोहियों का गढ़ माना जाता है जो दशकों से इसाइयों के वर्चस्व वाले इस देश पर अल्पसंख्यकों के शासन के लिए अभियान चला रहे हैं। साथ ही यहां अपराध और अपहरण करने वाले गिरोहों की भी पकड़ है। बहरहाल, कागैंगबैंग ने उनकी संलिप्तता से इंकार किया है।

 

उन्होंने बताया कि मछुआरों पर संभवत: उनके ही समुदाय के प्रतिद्वन्द्वी समूह ने हमला किया होगा क्योंकि प्रभावित मछुआरे प्रतिद्वन्द्वी समूह के मछली पकड़ने वाले क्षेत्र में पहुंच गए होंगे। (एजेंसी)

 

First Published: Tuesday, January 24, 2012, 12:31

comments powered by Disqus