Last Updated: Monday, October 8, 2012, 23:34

लंदन : भारतीय मूल के दो लोगों पर 1984 में ऑपरेशन ब्लू स्टार का नेतृत्व करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कुलदीप सिंह बराड़ को गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने का सोमवार को आरोप लगाया गया। उधर, ब्रिटिश पुलिस ने मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
मेट्रोपालिटन पुलिस ने एक बयान में बताया कि वालवेरहम्पटन के बरजिंदर सिंह संघा (33) और बर्मिंघम के ब्रेट बार के मंदीप सिंह संधु (34) को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में हिरासत में पेश किया जाएगा।
बयान में कहा गया कि दो लोगों पर ओल्ड क्यूबेक स्ट्रीट में लेफ्टिनेंट जनरल कुलदीप सिंह को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाने की मंशा के साथ घायल करने का आरोप लगाया गया है।
संघा पर बरार की पत्नी मीना पर भी हमला करने का भी आरोप लगाया गया है।
बराड़ (78) ने 1984 के आपरेशन ब्लू स्टार का नेतृत्व किया था जिसमें खालिस्तान समर्थक आतंकवादियों को स्वर्ण मंदिर के बाहर खदेड़ा गया था। बराड़ ब्रिटेन में एक निजी यात्रा पर आए हुए थे और वह जब अपनी पत्नी के साथ होटल लौट रहे थे तो चार लोगों ने उन पर हमला किया। संदेह है कि हमलावर खालिस्तान समर्थक थे।
पूर्व भारतीय सैन्य अधिकारी के गले और गालों पर चोट आई, जबकि हमले में उनकी पत्नी को कोई चोट नहीं आई।
जांच के तहत पूर्व में पकड़े गए 10 लोगों को पहले ही जमानत मिल गई है।
लेफ्टिनेंट जनरल बराड़ पर हमले के मामले में दो महिलाओं सहित कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास की जांच से असंबद्ध आव्रजन मामले के संदेह में तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। तीनों का मामला ब्रिटिश सीमा एजेंसी के पास भेज दिया गया है।(एजेंसी)
First Published: Monday, October 8, 2012, 23:34