Last Updated: Friday, December 9, 2011, 09:47
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक हिंदू व्यापारी और उसके ड्राइवर को कुछ हथियारबंद लोगों ने बंधक बना लिया।
अधिकारियों ने बताया कि अशोक कुमार नामक इस व्यापारी को कल खुजदर जिले के फिरोजाबाद इलाके से बंधक बनाया गया। अपहर्ताओं ने उसके साथ दो कामगारों को भी बंधक बनाया था, हालांकि उन्हें तत्काल छोड़ दिया। समाचार पत्र ‘डेली टाइम्स’ के मुताबिक कुमार एक ट्रक में सवार होकर खुजदर से नाल जा रहे थे। बीच रास्ते में कुछ हथियारबंद लोगों ने ट्रक को रोका और उस पर सवार सभी लोगों को बंधक बना लिया।
अपहर्ताओं ने जिन दो बंधकों को छोड़ दिया है, उनकी पहचान मुहम्मद आजम और मुहम्मद यामीन के रूप में की गई है। अशोक और उनका ड्राइवर आजाद खान अब भी अपहर्ताओं के कब्जे में हैं। स्थानीय तहसीलदार हमीदुल्ला ने बताया कि यह मामला फिरौती से जुड़ा नहीं लगता। अशोक सिंध प्रांत के हैदराबाद के निवासी हैं। बलूचिस्तान में बीते कुछ वषरें के दौरान हिंदू समुदाय के कारोबारियों और उनके रिश्तेदारों के अपहरण की कई घटनाएं हुई हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 9, 2011, 18:12