बेटी को जन्म देने पर पत्नी की हत्या - Zee News हिंदी

बेटी को जन्म देने पर पत्नी की हत्या

काबुल : अफगानिस्तान में बेटे की हसरत पाले एक शख्स ने बेटी पैदा होने पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक कुंदूज प्रांत के खान अबाद जिले में बीते बुधवार को 30 साल की स्तोरी को उसके पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसका पति बेटा चाहता था और पुलिस की माने तो इसी कारण बेटी होने पर उसने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया।

 

प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता सैयद सरवर हुसैनी ने कहा, महिला ने तीसरी बार बेटी को जन्म दिया। इसके बाद उसके पति ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हमें महिला के पिता ने इस घटना की जानकारी दी। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने इस मामले में स्तोरी की सास को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि उसका पति फरार हो गया है। इस शख्स के नाम का पता नहीं चल पाया है।

 

अफगानिस्तान में महिलाओं के साथ हैवानियत वाला व्यवहार तालिबान शासन के खात्मे के बाद भी हो रहा है। पिछले महीने बागलान प्रांत में एक नाबालिग लड़की को शौचालय से छह महीने बाद निकाला गया था। उसके पति ने उसे बंद कर रखा था। उसके साथ इस कदर जुल्म ढाया गया था कि उसके शरीर पर जलने और पिटाई के निशान थे तथा उसके अंगुलियों के नाखून भी लिए गए थे।

 

ब्रिटेन की संस्था ऑक्सफैम का कहना है कि 87 फीसदी अफगान महिलाओं को शारीरिक, मानसिक और यौन उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता है। इसके साथ ही अफगानिस्तान में महिलाओं को शादी के लिए विवश किया जाता है।

 

अफगान स्वतंत्र मानवाधिकार आयोग ने पिछले साल महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1,026 मामले दर्ज किए, जबकि साल 2010 में 2,700 मामले दर्ज किए गए थे।  (एजेंसी)

First Published: Monday, January 30, 2012, 22:55

comments powered by Disqus