भारतीय हेलीकॉप्टर पर मुश्तैद था पाक जेट - Zee News हिंदी

भारतीय हेलीकॉप्टर पर मुश्तैद था पाक जेट



इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सेना ने भारतीय हेलीकॉप्टर के अपनी सीमा में दाखिल होने के बाद एक लड़ाकू विमान को मुस्तैद कर दिया था और भारतीय चालक दल को चेतावनी दी गई थी कि अगर वे भागने का प्रयास करेंगे तो हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया जाएगा।

 

स्थानीय मीडिया में यह दावा किया गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने रविवार को नियंत्रण रेखा के निकट स्कार्दू के पास भारतीय हेलीकॉप्टर को जबरन उतारा गया। इसमें चालक दल के चार सदस्य सवार थे। दोनों देशों के सैन्य अभियान मामलों के महानिदेशकों के बीच संपर्क स्थापित होने के बाद इन लोगों को जाने दिया गया।

 

समाचार पत्र ‘डॉन’ ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि हेलीकॉप्टर के उतरने के तत्काल बाद पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मुस्तैद कर दिया गया था और उसी समय पाक वायुसेना ने अपने संचार तंत्र के जरिए चेतावनी दी कि अगर भारतीय चालक दल भागने का प्रयास करता है तो हेलीकॉप्टर पर गोलाबारी कर दी जाए। पाकिस्तानी सेना के मुख्य प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने इस बारे में कोई विवरण नहीं मुहैया कराया कि हेलीकॉप्टर को कैसे पाकिस्तानी सीमा में उतरने के लिए विवश किया गया।

 

 

अखबार का कहना है कि दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों के बीच संपर्क स्थापित होने के बाद पता चला कि भारतीय हेलीकॉप्टर ने गलती से पाकिस्तानी वायुसीमा का उल्लंघन किया था। सैन्य सूत्रों ने ‘डॉन’ को बताया कि कुछ घंटों की पूछताछ के बाद भारतीय चालक दल को जाने दिया गया।

 

पाकिस्तानी वायुसेना के एक अधिकारी ने दावा किया कि भारतीय हेलीकॉप्टर के पाकिस्तान की सीमा में 20 किलोमीटर तक दाखिल होने के बाद इसके बारे में जानकारी मिली। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान भारतीय चालक दल के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि वे जानबूझकर पाकिस्तानी सीमा में दाखिल नहीं हुए थे। (एजेंसी)

 

First Published: Thursday, October 27, 2011, 12:35

comments powered by Disqus